बद्दी/नालागढ़, 25 जून: पुलिस जिला बद्दी की स्पेशल सेल टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 6.45 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और डिजिटल तराजू सहित गिरफ्तार किया है।पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चौकीवाला चौक, नालागढ़ के पास अपनी स्कूटी में चिट्टा लेकर बिक्री करने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर स्पेशल सेल टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को काबू किया और उसकी स्कूटी की तलाशी ली।तलाशी के दौरान स्कूटी की डिग्गी से 6.45 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) तथा एक डिजिटल तराजू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी की पहचान संजीव शर्मा निवासी गांव प्लासड़ा कालू, तहसील नालागढ़, जिला सोलन के रूप में की है।पुलिस थाना नालागढ़ में आरोपी के खिलाफ NDPS अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी नशीले पदार्थ की यह खेप कहां से लेकर आया था तथा इस अवैध कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं।पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद कुमार धीमान ने कहा कि पुलिस विभाग नशे के खिलाफ पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने के अभियान को और मजबूत किया जा सके।रिपोर्ट: N STAR NEWS








