हिमाचल में बैंक सेवाएं पूरी तरह ठप, शिमला में गूंजे 5-डे वर्किंग के नारे

हिमाचल में बैंक सेवाएं पूरी तरह ठप, शिमला में गूंजे 5-डे वर्किंग के नारे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विशेष संवाददाता, शिमला

देशभर के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश में भी आज सार्वजनिक व कुछ निजी क्षेत्रों के बैंकों का कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर आयोजित इस एक दिवसीय हड़ताल के चलते प्रदेश भर में करोड़ों रुपये का लेन-देन प्रभावित हुआ और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

राजधानी शिमला में बैंक कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों की मुख्य मांग पिछले दो वर्षों से अधर में लटकी ‘5-डे बैंकिंग’ (सप्ताह में पांच दिन काम) की व्यवस्था को तत्काल लागू करना है।

2 साल बाद भी नहीं मिली मंजूरी UFBU हिमाचल के संयोजक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनियनों के बीच हुए 12वें द्विपक्षीय समझौते में सप्ताह में 5 दिन काम करने पर सहमति बनी थी। IBA ने इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार के पास भेजा था, लेकिन दो साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी वित्त मंत्रालय ने इसे हरी झंडी नहीं दी है।

PLI की नई गाइडलाइंस का कड़ा विरोध बैंक कर्मचारियों ने वित्तीय सेवाएं विभाग (DFS) द्वारा जारी नई परफॉरमेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) गाइडलाइंस को पूरी तरह भेदभावपूर्ण बताते हुए इसका विरोध किया। यूनियन नेताओं का आरोप है कि नई नीति के तहत स्केल IV और उससे ऊपर के वरिष्ठ अधिकारियों को व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर 365 दिनों तक के मूल वेतन के बराबर इंसेंटिव दिया जा रहा है, जबकि वर्कमैन और स्केल I से III के कर्मचारियों को अधिकतम 15 दिनों का बेसिक पे + DA ही तय किया गया है, जो कि सरासर अन्याय है।

मांगें न मानने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी यूनियन ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो इसी महीने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिनों की राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल की जाएगी। इसके बावजूद भी यदि सरकार का रुख अड़ियल रहा, तो 26 अक्टूबर से देश के सभी बैंकों में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।

N Star India
Author: N Star India

Leave a Comment

और पढ़ें