बद्दी पुलिस की बड़ी कामयाबी: चोरी के दो मामलों का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान व वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद
बरोटीवाला में किराना दुकान से नकदी चोरी और बद्दी फेस-3 में कार के टायर-क्रोम व्हील चोरी मामले में त्वरित कार्रवाई
बद्दी, 28 जुलाई।
बद्दी पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरीशुदा सामान तथा वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर आरोपियों को दबोचते हुए दोनों मामलों का खुलासा किया है।
पहले मामले में पुलिस थाना बरोटीवाला के अंतर्गत झाड़माजरी बस स्टैंड के समीप स्थित एक किराना दुकान में सेंधमारी कर नकदी चोरी की वारदात सामने आई थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों अंकुर (जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश), नितिन (जिला चंदौसी, उत्तर प्रदेश) तथा दिनेश कुमार (शिवालिक नगर, झाड़माजरी, जिला सोलन) को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ₹2,700 की नकदी भी बरामद कर ली है।
दूसरे मामले में पुलिस थाना बद्दी के तहत हाउसिंग बोर्ड फेस-3 में एक मकान के बाहर खड़ी स्विफ्ट कार (HP91-8309) के चारों टायर और क्रोम व्हील चोरी होने की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी चंद्रभान निवासी जिला सोनभद्र, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चारों टायर, क्रोम व्हील्स तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार, 28 जुलाई को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पुलिस दोनों मामलों में आगे की जांच कर रही है।








