सोनिया गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर लोक निर्माण मंत्री ने जताई नाराजगी, बोले- कोई भी सभ्य और पढ़ा-लिखा व्यक्ति इस तरह की बयानबाजी नहीं कर सकता
शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी की सांसद कंगना रनौत की ओर से कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कंगना की बयानबाजी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सोनिया गांधी के खिलाफ जिस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है, वह किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं हो सकती।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कंगना रनौत बिना मतलब के बयानबाजी करती हैं। उन्होंने कहा कि दो-तीन दिन पहले सोनिया गांधी के लिए जिस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके अनुसार, कोई भी सभ्य और पढ़ा-लिखा व्यक्ति इस तरह की बयानबाजी नहीं कर सकता।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि इस तरह की टिप्पणी हिमाचल प्रदेश की संस्कृति पर एक काला धब्बा है। यह प्रदेश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण दिन है और इस पूरे घटनाक्रम को उसी नजरिए से देखा जाना चाहिए।
विक्रमादित्य सिंह ने अपने बयान में हिमाचल की समृद्ध संस्कृति और सामाजिक मर्यादाओं का हवाला देते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में भाषा की गरिमा बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी भी नेता को सार्वजनिक मंच पर भाषा की मर्यादा का उल्लंघन नहीं करना चाहिए।
N STAR NEWS UPDATE | शिमला








