SIR के समर्थन में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, जयराम ठाकुर और अनुराग ठाकुर ने भी कांग्रेस पर बोला हमला
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ पदयात्रा निकालकर कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोला। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की अगुवाई में कार्ट रोड स्थित गुरुद्वारा से चौड़ा मैदान तक महापदयात्रा निकाली गई। इसके बाद आयोजित जनसभा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। पदयात्रा के दौरान एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के समर्थन और कांग्रेस के विरोध में भाजपा नेताओं ने अपने विचार रखे।
जनसभा को संबोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी के आरोप लगाने के बजाय भाजपा से लोगों का दिल जीतना सीखे। सरमा ने राम मंदिर निर्माण और धारा 370 हटाने जैसे फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा विकास और अपने फैसलों के आधार पर जनता का समर्थन हासिल कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती दी कि यदि कांग्रेस को एसआईआर प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है तो उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान करे। सरमा ने 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर भी राहुल गांधी और कांग्रेस से माफी मांगने की मांग उठाई। उन्होंने हिमाचल की सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।
इस दौरान हिमंत बिस्वा सरमा ने अपने संबोधन में राहुल गांधी के लिए आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल करते हुए तंज भी कसा और कहा कि कांग्रेस को वोट चोरी की राजनीति छोड़कर जनता का दिल जीतने पर ध्यान देना चाहिए।
वहीं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर सत्ता से बाहर रहने की कुंठा में चुनाव आयोग और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी इसी चुनाव आयोग की प्रक्रिया के तहत मुख्यमंत्री बने हैं। जयराम ठाकुर ने पंचायत और नगर निगम चुनावों के नतीजों का हवाला देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि यदि पार्टी को चुनाव प्रक्रिया पर आपत्ति है तो उसे अपने आरोपों के समर्थन में ठोस प्रमाण देने चाहिए।
सांसद अनुराग ठाकुर ने भी राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को एसआईआर प्रक्रिया पर सवाल उठाने से पहले अपने आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस के शासनकाल में यही प्रक्रिया सही थी तो अब इस पर आपत्ति क्यों जताई जा रही है। अनुराग ठाकुर ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली का समर्थन करते हुए आरोप लगाया कि विदेशी ताकतों के इशारे पर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है।
भाजपा की इस पदयात्रा के दौरान एसआईआर, चुनावी पारदर्शिता, वोट चोरी के आरोपों और 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिली। जनसभा में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस को विभिन्न मुद्दों पर घेरते हुए अपने पक्ष को जनता के सामने रखा।









