कांग्रेस की युवा नेत्री रिपना कलसाईक ने दी कार्यक्रम की जानकारी
शिमला | N STAR NEWS:
हिमाचल प्रदेश की राजनीति में उभरते युवा नेतृत्व के प्रतीक लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। इस कार्यक्रम की जानकारी कांग्रेस की युवा नेत्री रिपना कलसाईक ने दी।

रिपना कलसाईक ने बताया कि 12 दिसंबर को लंदन स्थित ब्रिटिश संसद परिसर में आयोजित समारोह के दौरान वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन द्वारा विक्रमादित्य सिंह को प्रतिष्ठित ‘यूथ एंड आइकॉन’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें युवा नेतृत्व, बौद्धिक राजनीति और हिमाचल प्रदेश में आपदा के दौरान किए गए सराहनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया।

वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स संस्था के अनुसार, विक्रमादित्य सिंह ने प्रभावी नेतृत्व देते हुए प्रदेश के युवा वर्ग के बीच एक लोकप्रिय और प्रेरणादायक नेता के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। इसी आधार पर उन्हें ‘यूथ आइकॉन एंड इंटेलेक्चुअल पॉलिटिक्स’ श्रेणी में इस सम्मान के लिए चुना गया।
सम्मान मिलने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के एक सामान्य नागरिक और मंत्री के रूप में यह उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार उन्हें लंदन के संसद भवन (पैलेस ऑफ वेस्टमिंस्टर) स्थित ऐतिहासिक चर्चिल रूम में प्रदान किया गया।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान हिमाचल प्रदेश में अधोसंरचना विकास, सतत प्रगति और समावेशी सुशासन को आगे बढ़ाने के प्रयासों की मान्यता है और वह प्रदेश की परंपराओं व मूल्यों के अनुरूप हिमाचल के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर समर्पित रहेंगे।


