बद्दी: औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के मखनुमाजरा में हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घटना की जिम्मेदारी लेने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 फरवरी 2026 को बद्दी के मखनुमाजरा क्षेत्र में हुए गोलीकांड के संबंध में थाना बद्दी में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से एक व्यक्ति द्वारा इस घटना की जिम्मेदारी लेने की जानकारी सामने आई।जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान सतीश चंदेल, पुत्र स्वर्गीय प्रभु दयाल, निवासी गांव माजरा मेहताब, डाकघर व तहसील कालका, जिला पंचकूला (हरियाणा) के रूप में की। बद्दी पुलिस ने आरोपी को 5 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी को शुक्रवार को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 9 मार्च 2026 तक चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है ताकि उससे मामले को लेकर विस्तृत पूछताछ की जा सके।पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे होने की संभावना है।









