दो पक्षों में रास्ता अवरुद्ध करने को लेकर मारपीट, क्रॉस केस दर्ज
मानपुरा थाना क्षेत्र के हररायेपुर में विवाद, 8 लोग घायल
मानपुरा, 11 फरवरी। पुलिस थाना मानपुरा के अंतर्गत शिव मंदिर लिंक रोड, हररायेपुर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच रास्ता अवरुद्ध करने को लेकर विवाद हो गया, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एक पक्ष द्वारा अपने निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल पर लैंटर डालने के दौरान लिंक रोड पर रेत व बजरी रखी गई थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के वाहन चालक ने मार्ग अवरुद्ध होने पर आपत्ति जताई। बात कहासुनी से शुरू होकर देखते ही देखते मारपीट, गाली-गलौच और पत्थरबाजी तक पहुंच गई।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, वाहन को क्षति पहुंचाने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस थाना मानपुरा की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 126(2), 115(2), 352, 351(2), 191(2), 191(3), 125 तथा 324(4) के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।
घटना में दोनों पक्षों के कुल 8 लोग घायल हुए हैं, जिनका चिकित्सीय परीक्षण करवाया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखी जा रही है तथा दोनों पक्षों को भविष्य में शांति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









