सोलन, 26 अक्तूबर — सिखों के प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित प्रभात फेरियों की गूंज आज पूरे सोलन शहर में श्रद्धा और भक्ति के माहौल के साथ सुनाई दी।
जिले के विभिन्न गुरुद्वारों से रवाना हुई 12 प्रभात फेरियाँ गुरुद्वारा सिंह सभा सपरून पहुंचीं, जहां संगत ने एकजुट होकर गुरबाणी कीर्तन किया और गुरु नानक देव जी के बताए हुए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। इन प्रभात फेरियों में गुरुद्वारा सिंह सभा अपर बाजार, संगत साहिब गुरुद्वारा, नानक दरबार गुरुद्वारा, गुरुद्वारा साहिब सलोगड़ा, धर्मपुर, गड़खल, सुबाथू, चंबाघाट और शाही की संगतों ने भाग लिया।

सपरून पहुंचने पर प्रभात फेरियों का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया और सभी श्रद्धालुओं के लिए लंगर का आयोजन किया गया।
गुरुद्वारा सिंह सभा सपरून के प्रधान गुरमीत सिंह ने बताया कि श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व 5 नवंबर को बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर को बच्चों के लिए चित्रकला और पगड़ी बांधने की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जबकि 5 नवंबर को विशेष कीर्तन दरबार और लंगर सेवा भी होगी।

इस अवसर पर पूरे सोलन में भक्ति, सेवा और आपसी भाईचारे का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।








